अभिनेता कार्तिक आर्यन ने लिया महाकाल का आशीर्वाद, ओडिशा के राज्य मंत्री गोकुला नंदा भस्म आरती में हुए शामिल
उज्जैन, 21 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिला स्थित ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार रात बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने बाबा महाकाल की शयन आरती में शामिल होकर दर्शन किए जबकि मंगलवार तड़के ओडिशा के राज्य मंत्री गोकुला नंदा ने प्रातःकालीन भस्म आरती में हिस्सा लेकर महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
बॉलीवुड के अभिनेता कार्तिक आर्यन सोमवार रात उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। सादगी भरे अंदाज में नीली जींस और सफेद शर्ट पहने कार्तिक ने नंदी हॉल में बैठकर रात्रिकालीन शयन आरती में पूरी श्रद्धा के साथ भाग लिया। आरती संपन्न होने के उपरांत उन्होंने मंदिर की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही और महाकाल की चौखट पर शीश नवाकर देश-दुनिया की खुशहाली की प्रार्थना की।
इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद प्रशंसकों और श्रद्धालुओं में अभिनेता को देखकर काफी उत्साह नजर आया, हालांकि कार्तिक शांतचित्त होकर पूजा-अर्चना के बाद वहां से रवाना हो गए।
गौरतलब है कि फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनता सम्मान मिला है। आने वाले दिनों में कार्तिक फैंटेसी कॉमेडी 'नागजिला', एक देशभक्ति एक्शन ड्रामा और कबीर खान के निर्देशन में बन रही स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में नजर आएंगे।
वहीं मंगलवार तड़के ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन, पशु संसाधन विकास और एमएसएमई विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गोकुला नंदा भी महाकाल के दर पर मत्था टेकने पहुंचे। उन्होंने तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दिव्य रूपों का दर्शन लाभ लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र व राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। आरती और दर्शन पूजन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे ने ओडिशा के राज्य मंत्री का आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें महाकाल का शॉल, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

