कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल की रिहाई की मांग पर चंडीगढ़ में आंदोलन, कई घंटे तक चला हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल की रिहाई की मांग पर चंडीगढ़ में आंदोलन, कई घंटे तक चला हंगामा


- चंडीगढ़ व पंजाब की सीमा पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके रोका, प्रदर्शनकारी वाटर कैनन वैन पर चढ़े

चंडीगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। देशद्रोह के मामले में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल सिंह की रिहाई की मांग पर बुधवार को वारिस पंजाब दे पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने मोहाली के रास्ते चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन व लाठीचार्ज करके उन्हें रोक दिया। इसके बावजूद कुछ कट्टरपंथी चंडीगढ़ की सीमा में दाखिल हुए तो पुलिस ने बल का प्रयोग करके उन्हें हिरासत में ले लिया। मोहाली व चंडीगढ़ की सीमा पर प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच झड़प इतनी बढ़ी कि कई घंटे तक हंगामा होता रहा। प्रदर्शनकारी वाटर कैनन वैन पर चढ़ गए और पुलिस को वहां से खदेड़ कर उसका रूख मोड़ दिया।

वारिस पंजाब दे की तरफ से आज पंजाब भर में प्रदर्शन करने का आहवान किया गया था। कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं के चंडीगढ़ कूच को देखते हुए चंडीगढ़ व मोहाली में कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। पार्टी के नेता एवं विधायक मनप्रीत अयाली ने कहा कि हम यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए आए हैं, किसी तरह की तोडफ़ोड़ नहीं करना चाहते हैं। अमृतपाल लोगों के प्रतिनिधि हैं, लेकिन जेल में रखे जाने से वह बतौर सांसद अपने संवैधानिक कर्तव्य का पालन नहीं कर पा रहे हैं। सांसद अमृतपाल के वकील इमान सिंह खारा ने कहा कि एनएसए हटाई जा चुकी है। इसके बाद अजनाला हिंसा और 11 और झूठे केस दर्ज कर उन्हें असम जेल में रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story