शिंदे बुखार से पीड़ित, सातारा आवास पर चल रहा इलाज 

WhatsApp Channel Join Now
 शिंदे बुखार से पीड़ित, सातारा आवास पर चल रहा इलाज 


मुंबई, 30 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तेज बुखार से पीड़ित हैं। शिंदे का इलाज उनके मूल गांव सातारा स्थित दरे गांव के आवास पर हो रहा है। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसलिए शिंदे समूह के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री दीपक केसरकर शनिवार को उनसे बिना मिले मुंबई लौट आए हैं। प्रवक्ता संजय शिरसाट ने तबीयत खराब हाेने की बात कही है।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिंदे सातारा स्थित अपने मूल गांव दरे में आराम कर रहे थे। आज सुबह उन्हें ठंडी के साथ तेज बुखार आ गया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम उनका इलाज करने पहुंची तो पता चला कि उनके शरीर का तापमान 105 डिग्री है। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया और पूर्ण आराम की सलाह दी है। इसी वजह से एकनाथ शिंदे आज दिन भर किसी से नहीं मिले। यहां तक कि उनके अत्यंत नजदीकी दीपक केसरकर बहुत देर तक मिलने का इंतजार करते रहे लेकिन एकनाथ शिंदे ने उनसे भी मुलाकात नहीं की, जिससे केसरकर वापस मुंबई के लिए निकल चुके हैं। शिवसेना शिंदे समूह के प्रवक्ता संजय शिरसाट ने कहा कि एकनाथ शिंदे की तबीयत ठीक होने के बाद वे जल्द मुंबई लौटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार

Share this story