हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा, चार की मौत, 16 घायल
शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में दिल्ली से घूमने आए पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी खाई में गिर गई। हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बंजार उपमंडल के सोझा-घीयागी क्षेत्र में हुआ। ट्रैवलर में कुल 20 पर्यटक सवार थे, जो दिल्ली से हिमाचल घूमने आए थे। देर शाम जब वाहन सोझा-घीयागी मार्ग पर पहुंचा तो अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा काफी गंभीर था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रैवलर में सवार सभी पर्यटक दिल्ली के रहने वाले थे और क्षेत्र में घूमने आए थे। उन्होंने कहा कि सोझा-घीयागी के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे में घायल हुए 16 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
एसपी मदन लाल के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पर्यटक दिल्ली के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। साथ ही प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने हादसे पर दुख जताया है और प्रभावितों की हर सम्भव मदद का भरोसा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

