बिहार के लखीसराय में सड़क हादसा, पांच की मौत, चार की हालत नाजुक
पटना, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार में लखीसराय जिले के लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग के गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किसी तरह क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला गया।
यह हादसा तेतरहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले के निवासी स्कॉर्पियो सवार सभी लोग झारखंड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर में स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तेतरहाट थाने की पुलिस पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गाड़ी के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी चार घायलों को एंबुलेंस की मदद से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के शव भी सदर अस्पताल लाए गए हैं। इस हादसे से पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि स्कार्पियो सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग जख्मी हैं। मृतकों और घायलों के नाम एवं पते की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

