भाजपा के साथ जाने वाले सांसदों ने पंजाब के साथ धोखा कियाः आआपा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के साथ जाने वाले सांसदों ने पंजाब के साथ धोखा कियाः आआपा


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने राघव चढ्ढा के नेतृत्व में राज्यसभा के सात सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने को ‘ऑपरेशन लॉटस’ की संज्ञा देते हुए इसे पंजाब की जनता के साथ धोखा बताया है।

आआपा नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर भय और प्रशासनिक तंत्र का उपयोग कर पार्टी नेताओं को अपने खेमें में शामिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार के कामकाज से डरकर भाजपा ने उनकी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की है।

संजय सिंह ने एक-एक कर सभी सातों सांसदों का नाम लिया और कहा कि पार्टी ने इन्हें कहां से कहां पहुंचाया और उन्होंने पार्टी और पंजाब के साथ गद्दारी की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में अशोक मित्तल के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का छापा पड़ा था। भाजपा ने भय दिखाकर उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करा लिया।

उल्लेखनीय है कि राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आज कांस्टिट्यूशन क्लब में पत्रकार वार्ता कर अन्य चार सदस्यों के साथ भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story