पंजाब में विधायकों के टूटने का खतरा, पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया ने जालंधर में बुलाई बैठक
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब में सात राज्य सभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी पर सियासी संकट गंभीर हो गया है। विधायकों में टूट की अटकलों के बीच पार्टी प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 29 अप्रैल को जालंधर में सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी बुलाया गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल रहेंगे। बैठक में 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद विधायकों का मन टटोला जाएगा।
आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होने के दौरान राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के करीबियों के जरिए दावा किया गया कि पंजाब के मौजूदा 94 विधायकों में से 60+ विधायक राघव चड्ढा के संपर्क में हैं। इससे पंजाब सरकार को संकट हो सकता है। इस संभावित खतरे के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने सभी विधायकों, नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को संगठित करना शुरू कर दिया है। इसी दिशा में यह बैठक बुलाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

