अयोध्या से परशुराम कुंड तक निकलेगी आमंत्रण रथयात्रा, 4 दिसंबर से होगा शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या से परशुराम कुंड तक निकलेगी आमंत्रण रथयात्रा, 4 दिसंबर से होगा शुभारंभ


कोलकाता, 25 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश स्थित श्री परशुराम कुंड में स्थापित भगवान परशुराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा के अनावरण समारोह की तैयारियों को गति देने के लिए विप्र फाउंडेशन देशव्यापी आमंत्रण रथयात्रा निकालेगा। यह यात्रा 04 दिसंबर 2026 को अयोध्या से शुरू होकर 24 दिसंबर को श्री परशुराम कुंड पहुंचेगी। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं को प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। प्रतिमा का अनावरण जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। समारोह की अंतिम तिथि संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद घोषित की जाएगी।

रथयात्रा और अनावरण की तैयारियों को लेकर विप्र फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक रविवार को कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित स्प्रिंग क्लब में हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में देशभर से 150 से अधिक पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और विशेष आमंत्रित शामिल हुए। उपस्थिति पंजिका में 147 प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर दर्ज किए गए। बैठक का ऑनलाइन प्रसारण भी किया गया।

संगठन महामंत्री डॉ सुनील शर्मा ने बैठक का संचालन किया। इसमें संस्थापक सुशील ओझा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारीलाल सोती, धर्मनारायण जोशी और राधेश्याम शर्मा ‘गुरुजी’ सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। विप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विजय बसोतिया और इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर परशुराम कॉन्शसनेस की चेयरपर्सन डॉ हर्षा त्रिवेदी ने भी भाग लिया। बैठक का आयोजन विप्र फाउंडेशन के जोन-7 (कोलकाता) ने जोनल अध्यक्ष किशन गोस्वामी के नेतृत्व में किया।

दो समितियों के गठन और पुनर्गठन का निर्णय

बैठक में परशुराम मूर्ति स्थापना समिति का पुनर्गठन करते हुए धर्मनारायण जोशी को चेयरमैन, परमेश्वर शर्मा को अध्यक्ष और रमेश शर्मा को संयोजक मनोनीत किया गया। समिति में आठ अन्य पदाधिकारी भी शामिल किए गए हैं।

वहीं, संगठन के कार्यों और गतिविधियों की निगरानी के लिए अनुशासन उच्चाधिकार समिति गठित की गई। राधेश्याम शर्मा को इसका अध्यक्ष और श्रीकांत पाराशर को संयोजक बनाया गया। डॉ. विजय बसोतिया, अशोक पारीक, महावीर प्रसाद शर्मा, कुलदीप व्यास, जितेंद्र कुमार भारद्वाज, लोकेश शर्मा, बनवारीलाल सेवदा, रामनारायण भैरवलाल शर्मा और हरिनारायण व्यास समिति के सदस्य होंगे।

दिसंबर से मार्च तक होंगे विभिन्न आयोजन

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इसके तहत 17 से 23 दिसंबर 2026 तक गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र भागवत महोत्सव आयोजित होगा। परशुराम कुंड में 13 से 15 जनवरी 2027 तक मकर संक्रांति मेले के साथ राहत शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा 14 मार्च 2027 को गणेश जीमण का आयोजन प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली ने कहा कि परशुराम कुंड में प्रतिमा की स्थापना देशभर के समाजबंधुओं के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आमंत्रण रथयात्रा के जरिए देश के हर कोने तक अनावरण समारोह का निमंत्रण पहुंचाया जाएगा। अब संगठन का पूरा ध्यान समारोह की तैयारियों पर केंद्रित रहेगा।

बैठक में संगठन की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता पर जोर देते हुए संदेश दिया गया— “प्रतिमा खड़ी है, हम साथ खड़े हैं।”

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766792 Articles

Share this story