जम्मू बस स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में सैन्यकर्मी का शव मिला, पोस्टिंग स्थल पर लौट रहा था
जम्मू , 21 नवंबर (हि.स.)। छुट्टी के बाद पोस्टिंग स्थल पर लौट रहे एक सैन्यकर्मी का शनिवार सुबह जम्मू के मुख्य बस स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। मृतक की पहचान संजीत सिंह (31) के रूप में हुई है जो रामबन जिले के चंदरकोट क्षेत्र के धार गांव के निवासी था।
अधिकारियों ने बताया कि सैन्यकर्मी छुट्टी बिताकर गुरदासपुर जा रहा था, जहां उसकी पोस्टिंग थी। आज सुबह सुबह 5:40 बजे सैन्यकर्मी का शव जम्मू बस स्टैंड के पास बीसी रोड पर पड़ा मिला। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल ले जाया गया।
सैन्यकर्मी के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

