दीपोत्सव पर राम की पैड़ी में सजेगी भव्य विजिटर गैलरी, सेल्फी पॉइंट बनेगा आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now

त्रेतायुगीन अयोध्या की झलक दिखाएगी डिजाइनर म्यूरल वॉल, दीपों की रोशनी से जगमगाएगा परिसर

योगी सरकार की पहल से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, 2,367.60 लाख रुपये से हो रहा राम की पैड़ी का कायाकल्प

रेड सैंड स्टोन फ्लोरिंग, डिजाइनर कांच के दीये और सूर्य स्तंभ से निखरेगी राम की पैड़ी की छटा

अयोध्या, 24 अक्टूबर।

दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द ही एक नया आकर्षण देखने को मिलेगा। यहां विकसित की जा रही भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यटकों को यादगार पल संजोने का अवसर देंगे। परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है और इसी माह इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। दीपोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रोशनी और सजावट से जगमगाने की तैयारी है।

2,367.60 लाख रुपये से विकसित हो रहीं आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राम की पैड़ी पर बन रही विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

कुल 2,367.60 लाख रुपये की इस परियोजना के तहत दीपोत्सव स्थल पर सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में रेड सैंड स्टोन की डिजाइनर फ्लोरिंग के साथ बड़े आकार के आकर्षक डिजाइनर कांच के दीये, सूर्य स्तंभ, डिजाइनर छतरियां, प्लांटेशन स्थल और बोलार्ड लाइट्स विकसित की जा रही हैं। इन सुविधाओं से परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।

सेल्फी पॉइंट पर पर्यटक संजो सकेंगे यादगार पल

राम की पैड़ी पर विकसित हो रही विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेंगे। यहां की सजावट और आधुनिक सुविधाएं श्रद्धालुओं को आरामदायक अनुभव देने के साथ अयोध्या की यात्रा से जुड़ी यादों को संजोने का अवसर प्रदान करेंगी।
परियोजना प्रबंधन से जुड़े मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना का काम पूरा होने के साथ दीपोत्सव की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। लाखों दीपों से जगमगाता यह क्षेत्र पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहूलियत बढ़ेगी तथा अयोध्या की छवि और निखरेगी। यह परियोजना अयोध्या को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

म्यूरल वॉल पर दिखेगी त्रेतायुगीन अयोध्या की छटा

राम की पैड़ी परिसर में बनाई जा रही डिजाइनर म्यूरल वॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस पर धार्मिक स्थलों, त्रेतायुगीन मंदिरों और दीपों के आकर्षक चित्र उकेरे गए हैं। इन कलात्मक चित्रों के माध्यम से अयोध्या की प्राचीन धार्मिक विरासत और प्रभु श्रीराम के युग की सांस्कृतिक छटा को जीवंत रूप देने का प्रयास किया गया है। दीपोत्सव के दौरान रोशनी से सजे परिसर में यह म्यूरल वॉल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगी। पारंपरिक धार्मिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का यह संगम राम की पैड़ी की सुंदरता को नया आयाम देने के साथ अयोध्या के पर्यटन अनुभव को और यादगार बनाने में सहायक होगा।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23430 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story