गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर खड़गे ने देशवासियों को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या देशवासियों को बधाई दी है। इस दौरान खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप भी लगाए।

खड़गे ने कहा कि हमारा संविधान ही हमारे देश की आत्मा है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, समानता, आजादी, परस्पर भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की मूल भावनाओं को आधार बनाकर इस देश के नागरिकों को समान अवसर एवं समान सुरक्षा प्रदान की। यही हमारे लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि आज हमें सबसे अधिक जरूरत संविधान के इन्हीं बुनियादी सिद्धांतों को सुरक्षित करने की हैए क्योंकि कुछ लोग हैं, जिन्होंने भारतीय संविधान पर कभी यकीन नहीं किया। कभी इसका सम्मान नहीं किया। संविधान के विरुद्ध ही बात की और कार्य किए। आज वही लोग हर एक संवैधानिक संस्थान को कमजोर करने में जुटे हुए हैं।

खड़गे ने अपने संबोधन में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग देश की चुनी हुई सरकारों को गिरा देते हैं। संवैधानिक संस्थानों का दुरुपयोग कर रहे हैं। विपक्ष को बोलने से रोका जा रहा है। खड़गे ने कहा कि अगले वर्ष 2024 भारतीय गणतंत्र अपने 75वें वर्ष में प्रवेश करेगा। ऐस में वह देश की जनता से अपील करते है कि आइए, हम सब मिलकर अपने संविधान और संवैधानिक संस्थानों को मजबूत बनाएं और न्यायपालिका पर हो रहे आक्रमण के विरोध में खड़े हों।

हिन्दुस्थान समाचार/आशुतोष

Share this story