हर कार्यकर्ता भाजपा का चेहरा, कांग्रेस देश तोड़ने वाली पार्टी: डी. पुरंदेश्वरी
रायपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी नौ सितंबर, शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रायपुर आगमन पर साइंस कॉलेज में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को पहुंचीं। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने पत्रकारों के एक प्रश्न के जवाब में कहा कि भाजपा का चेहरा हमारा हर कार्यकर्ता है।
छत्तीसगढ़ 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा के चेहरे को लेकर डी पुरंदेश्वरी ने कहा, कभी भूपेश बघेल ने बताया कि 2023 विधानसभा चुनाव में उनका चेहरा कौन होगा। क्योंकि एक बार कांग्रेस कहती है कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस का चेहरा होंगे, प्रदेश में साहू समाज के लोग ज्यादा है, इसलिए कभी कांग्रेस कहती है कि ताम्रध्वज साहू उनका चेहरा होंगे, तो कांग्रेस पहले बताए कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में उनका चेहरा कौन होगा। मैं तो बार-बार कहती हूं हमारा हर एक कार्यकर्ता भाजपा का चेहरा होगा।
उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कांग्रेस को देश तोड़ने वाली पार्टी बताया। उन्होंने सवाल किया कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 कौन लेकर आया। इसे हटाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने किया। भारत को हमने जोड़ा, कांग्रेस ने तो तोड़ने का काम किया।
पुरंदेश्वरी ने कहा कि पहले कांग्रेस को जोड़ लें, उनके बड़े-बड़े नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। कांग्रेस को पहले खुद जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने सिर्फ तोड़ने का काम किया है, अब चले हैं भारत जोड़ने। छत्तीसगढ़ की जनता से किए 36 वादों में से एक वादा भी कांग्रेस ने पूरा नहीं किया है। कांग्रेस में यह तय हुआ था कि प्रदेश में ढाई साल भूपेश बघेल मुख्यमंत्री रहेंगे और ढाई साल टीएस सिंहदेव लेकिन कांग्रेस ने ये वादा भी पूरा नहीं किया।
पुरंदेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का दौरा महत्वपूर्ण रहेगा। जिस तरह से 2018 में कांग्रेस पार्टी झूठे वादे करके सरकार में आई, 36 वादे किए, युवाओं से वादा किया कि रोजगार देंगे, लेकिन एक भी वादा नहीं निभाया।
उल्लेखनीय है कि 9 सितंबर, शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रायपुर आ रहे हैं। इसकी तैयारियों का जायजा लेने डी पुरंदेश्वरी, डॉ रमन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत और संगठन के प्रदेश सह प्रभारी नीतिन नबीन साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे थे। इसी मैदान में नड्डा बड़ी कार्यकर्ता सभा को संबोधित करेंगे।
डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि यहां प्रदेश से बूथ स्तर के 51 हजार कार्यकर्ता आएंगे। जेपी नड्डा सभी का मार्गदर्शन करेंगे। हम इसके बाद तैयार हैं प्रदेश के चुनावी जंग के मैदान में कूदने को। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हम एकात्म परिसर तक बड़ा रोड शो करेंगे। फिर वहां कोर ग्रुप, प्रदेश के नेताओं और अलग-अलग स्तर पर जो काम करने हैं उन विषयों पर जेपी नड्डा बात करेंगे। साइंस कॉलेज के मैदान में भाजपा विशाल डोम तैयार कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं को सूची के हिसाब से साइंस कॉलेज ग्राउंड में बुलाया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा ये गौरव की बात है कि, बूथ स्तर के नेताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष बात करेंगे।
साइंस कालेज मैदान में मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन का मतलब है कि यह चुनावी शंखनाद है। जिस तरह से अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, महिलाएं धरना दे रही हैं, इससे साफ है कि प्रदेश में हर वर्ग कांग्रेस सरकार से नाराज है। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 22 साल के इतिहास में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन होने जा रहा है, जो किसी पार्टी ने यहां नहीं किया।
हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

