ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में यूक्रेन स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों को दिया गया समर्थन

ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में यूक्रेन स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों को दिया गया समर्थन


न्यूयार्क/दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुधवार को ब्रिक्स विदेश और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। इस दौरान ब्रिक्स विदेश मंत्रियों ने बातचीत और परामर्श के माध्यम से देशों के बीच मतभेदों और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया साथ ही यूक्रेन में स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अनुकूल सभी प्रयासों का समर्थन किया।

बैठक की अध्यक्षता दक्षिण अफ्रीका के अंतराष्ट्रीय संबंध और सहयोग मंत्री डॉ. नलेदी पंडोर ने की। 2023 में दक्षिण अफ्रीका ब्रिक्स प्रेसीडेंसी संभालने वाला है। ब्राजील के विदेश मंत्री कार्लोस अल्बर्टो फ्रेंको फ्रांका, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार मंत्रियों ने राजनीतिक, सुरक्षा, आर्थिक, वित्तीय और सतत विकास क्षेत्रों के साथ-साथ इंट्रा-ब्रिक्स गतिविधियों पर संयुक्त राष्ट्र के एजेंडे पर प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

उन्होंने बहुपक्षीय प्रणाली, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र और उसके प्रमुख अंगों को मजबूत करने और उनमें सुधारने लाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने आतंकवाद और उग्रवाद पर दोहरे मानकों को खारिज किया और अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक सम्मेलन को शीघ्र अंतिम रूप देने और अंगीकार करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी राज्यों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान देने की बात दोहराई।

उन्होंने कोविड-19 निदान और चिकित्सा विज्ञान के उत्पादन और आपूर्ति को सहज बनाने के लिए ट्रिप्स समझौते पर 12वें विश्व व्यापार संगठन मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के निर्णय को स्वीकार किया। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों को संतुलित और एकीकृत तरीके से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने के लिए विकासशील देशों को विश्वसनीय, पर्याप्त, समयबद्ध, नया और अतिरिक्त वित्तपोषण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण प्रदान करने के लिए विकसित देशों की प्रतिबद्धताओं की पूर्ति के महत्व पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story