छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली डंप से 65.52 लाख नकद, एलएमजी सहित 32 हथियार बरामद
बीजापुर, 13 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के घुर नक्सल प्रभावित रहे इलाकाें में लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियानों के परिणाम स्वरूप पूर्व माओवादी ठिकानों-डंपों से बुधवार काे सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 65.52 लाख नगद बरामद किया गया। इसके साथ ही एलएमजी, एसएलआर, कारबाईन रायफल सहित 32 हथियार एवं नक्सल संबंधी सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुसार जिला बीजापुर को नक्सलमुक्त घोषित करने के लक्ष्य के अनुरूप जिले में विशेष नक्सल उन्मूलन पर संयुक्त सुरक्षाबलों द्वारा निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि जिला बीजापुर में तैनात सुरक्षाबलों को ग्रामीणों के सहयोग एवं मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर संचालित संयुक्त कार्रवाई में आज उल्लेखनीय एवं निर्णायक सफलता प्राप्त हुई है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के 32 घातक हथियार तथा बड़ी मात्रा में जिंदा राउंड (गोला-बारूद) बरामद किए गए। साथ ही संयुक्त कार्रवाई में कुल 65,52 लाख नगद राशि के साथ एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल एवं उनके कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा एवं सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से सफलता पूर्वक संपन्न की गई।
उन्हाेंने बताया कि वर्ष 2024 से अबतक सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में 234 माओवादी मारे गए, 1192 गिरफ्तार एवं 1003 पुनर्वासित हुए। साथ ही 517 हथियार, 1092 आईईडी तथा वर्ष 2024 से अब तक सुरक्षाबलों की कार्यवाही में अब तक कुल 517 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 461 हथियार बरमद की जा चुकी है। अब तक की कार्रवाई में 7.2852 करोड़ नकद एवं 08.20 किलोग्राम सोना (मूल्य 12.80 करोड़) सहित कुल 20 करोड़ 08 लाख 52 हजार की संपत्ति बरामद की गई है। यह उपलब्धियां सुरक्षा बलों की प्रभावी रणनीति, सतत अभियान एवं माओवाद उन्मूलन के प्रति दृढ़ संकल्प को दर्शाती हैं। उन्हाेने आम जनता एवं ग्रामीणजनों से अपील है कि वे सुरक्षा बलों का सहयोग करते हुए किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री, विस्फोटक वस्तु अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से पूछताछ, अन्य आसूचना इनपुट तथा स्थानीय जनसमुदाय के सहयोग के आधार पर आज बरामद हथियार, गोला-बारूद, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईईडी के पुर्ज़े, लॉन्चर एवं अन्य सामग्रियों में एलएमजी रायफल-01 नग, एसएलआर रायफल-04 नग, कारबाईन रायफल-01 नग, 303 रायफल-05 नग, 315 रायफल-01 नग, सिंगल शाॅट-05 नग, 12 बाेर रायफल-04 नग, बीजीएल लांचर-07 नग, 08 एमएम पिस्टल-01 नग, वींटेज बाेल्ट एक्शन-01 नग, बाेल्ट एक्शन-02 नग, एलएमजी मैग्जीन-01 नग, एलएमजी बैरल-01 नग, एसएलआर रायफल का मैग्जीन-05 नग, 303 रायफल मैग्जीन-03 नग, एके 47 रायफल का जिंदा कारतूस-33 नग, एसएलआर रायफल का जिंदा कारतूस-219 नग, इंसास रायफल का जिंदा कारतूस-01 नग, 303 रायफल का जिंदा कारतूस-181 नग, 315 रायफल का जिंदा कारतूस-118 नग, पिस्टल जिंदा कारतूस 16 नग, 12 बोर का जिंदा कारतूस-10 नग, बीजीएल सेल- 84 नग, इसके अलावा विस्फोटक, उपकरण, टूल्स, मशीन उपकरण एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

