सीजेपी प्रदर्शन के बीच सक्रिय हुए 480 पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल, अफवाहों से बचने की दिल्ली पुलिस की अपील

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर दिल्ली पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का दावा है कि अब तक 480 पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की जा चुकी है, जो मौजूदा हालात का फायदा उठाकर भ्रामक सूचनाएं, एडिटेड वीडियो और फर्जी पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं। इन हैंडल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि ये वही सोशल मीडिया हैंडल हैं, जो पहले 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी सक्रिय थे। इनका मकसद लोगों, खासकर छात्रों को गुमराह करना, उनकी भावनाओं को भड़काना और कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित करना है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी एडिटेड वीडियो, फर्जी पोस्ट या अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई जानकारी पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी संदेश या वीडियो को आगे भेजने से पहले उसका फैक्ट चेक जरूर करें। पुलिस का कहना है कि अफवाहें फैलाना या उन्हें बिना पुष्टि के साझा करना हालात को और बिगाड़ सकता है।

पुलिस ने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और दिल्ली पुलिस इसका सम्मान करती है। हालांकि, लोगों को चाहिए कि वे किसी भी असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं और अपनी भावनाओं का दुरुपयोग न होने दें। पुलिस ने नागरिकों से केवल आधिकारिक और प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story