अहिल्यानगर में पुलिस ने किया लॉन्ग मार्च, 30 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अहिल्यानगर में पुलिस ने किया लॉन्ग मार्च, 30 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार


मुंबई, 29 सितंबर (हि.स.)। अहिल्यानगर जिले में कोटला इलाके में सोमवार को विवादित रंगोली को लेकर प्रदर्शन और इसके बाद हुए लाठीचार्ज के बाद यहां पुलिस ने लॉन्ग मार्च किया। कोतवाली पुलिस स्टेशन की टीम ने विवादित रंगोली के आरोपित को गिरफ्तार करने बाद भी प्रदर्शन करने और पुलिस पर पत्थरबाजी करने के आरोप में एक विशेष समाज के 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में ६० पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, सभी का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।

अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने सोमवार को बताया कि विरोध प्रदर्शन, सड़क जाम और पथराव के सिलसिले में कम से कम 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घार्गे ने कहा, हमने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग किया। पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है। नागरिकों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए और न ही उन्हें फैलाना चाहिए।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि यह घटना रविवार रात सडक़ किनारे विवादित लिखी रंगोली की एक सोशल मीडिया पोस्ट के वायरल होने के कुछ घंटों बाद हुई। एक विशेष समाज के लोगों ने सोमवार सुबह उस जगह पर विरोध प्रदर्शन और रास्ता रोको (सड़क जाम) किया, जहां विवादित रंगोली लिखी गई थी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरु कर दिया, जिससे पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और अबतक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, मामले की गहन छानबीन जारी है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अधिकारी इस बात का पता लगाएंगे कि क्या आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राज्य में सामाजिक शांति भंग करने और समाज का ध्रुवीकरण करने की कोई साजिश रची जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, हर कोई अपने धर्म का पालन करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन किसी को भी ध्रुवीकरण में शामिल नहीं होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story