इतिहास के पन्नों में 26 मार्चः पर्यावरण रक्षार्थ महायज्ञ की दुनिया में गूंज

दुनिया में जंगलों को उजाड़ने और वृक्षों को काटने के खिलाफ पहली बार बड़ी आवाज 26 मार्च 1974 को भारत में उठी थी। तब के उत्तर प्रदेश (अब उत्तराखंड) में चमोली जिले के ढाई हजार पेड़ों की नीलामी के बाद जब ठेकेदार ने उनको काटने के लिए मजदूरों को भेजा तो उन्हें अप्रत्याशित विरोध का सामना करना पड़ा। गौरा देवी की अगुवाई में रैणी गांव की 27 महिलाएं उन चिह्नित पेड़ों से लिपट गईं, जिन्हें नीलामी के बाद काटा जाना था। इन महिलाओं का कहना था कि पेड़ों से पहले उन पर आरी चलाई जाए या उन पेड़ों को न काटा जाए। इन महिलाओं के प्रतिरोध के सामने आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा। चिपको आंदोलन का नेतृत्व सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा, गोविंद सिंह रावत और चंडी प्रसाद भट्ट ने किया, लेकिन महिलाओं ने इसमें प्रमुख भूमिका निभाई। इस आंदोलन का प्रभाव देश के बड़े हिस्से में पड़ा। आंदोलन की अनुगूंज पूरी दुनिया में सुनाई पड़ी। जंगलों और पेड़ों की कटाई के खिलाफ उत्तराखंड के इस गांव में शुरू हुआ प्रतिरोध पर्यावरण रक्षा के महायज्ञ में बदल गया।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1953ः डॉ जोनास साल्क ने पोलियो से बचाव के लिए नए टीके की खोज की घोषणा की।
1971: शेख मुजीबुर्रहमान ने बांग्लादेश को स्वतंत्र देश घोषित किया। 1972ः तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरी ने पहले अंतरराष्ट्रीय संस्कृत सम्मेलन का उद्घाटन किया।
1973: लंदन स्टॉक एक्सचेंज में महिलाओं की भर्ती की शुरुआत।
1974ः भारत में चिपको आंदोलन का आरंभ। इसे गौरा देवी के नेतृत्व में 27 महिलाओं ने लाता गांव (हेन्वाल घाटी) गढ़वाल (हिमालय) में पेड़ों को बचाने के लिए उनके आसपास घेरा बनाकर अपने प्रयास से दुनिया का ध्यान खींचा।
1975ः जैविक हथियार संधि अस्तित्व में आई।
1979ः अमेरिका में मिस्र-इजराइल समझौते पर हस्ताक्षर।
1995ः 15 सदस्यीय यूरोपीय यूनियन के सात देशों के बीच आंतरिक सीमा नियंत्रण समाप्त।
1998ः चीन ने अमेरिकी इरीडियम नेटवर्क के दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया।
1999ः दक्षिण अफ़्रीका के तत्कालीन राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने देश की प्रथम प्रजातांत्रिक संसद के विघटन की घोषणा की।
2001ः केन्या में छात्रावास में आग लगने से 58 छात्र मरे।
2003ः पाकिस्तान ने 200 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली परमाणु प्रक्षेपास्त्र 'अब्दाली' का परीक्षण किया।
2006ः मेलबर्न में 18वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन।
2008ः भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड कोष में 2.90 करोड़ रुपये की हेराफेरी के आरोप में बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया गिरफ्तार।
2008ः टाटा मोटर्स ने अमेरिकी कंपनी 'जगुआर' व 'लैंड रोवर' का अधिग्रहण किया।
2008ः भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के युद्ध बंदियों को रिहा करने के लिए विदेश मंत्रालय स्तर पर बातचीत शुरू की।
जन्म
1893ः बंगाली सिनेमा के अभिनेता और निर्देशक धीरेन्द्र नाथ गांगुली।
1907ः हिन्दी कवयित्री महादेवी वर्मा और छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक।
1933ः ललित निबंधकार कुबेरनाथ राय।
निधन
1813ः पटियाला रियासत के महाराजा महाराजा साहिब सिंह।
1996ः प्रसिद्ध भारतीय कलाकार केके हेब्बार।
1999ः मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री राजकुमार रणबीर सिंह।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद