(अपडेट) मुख्यमंत्री रेखा ने रामकथा मंच से दिया विश्व शांति का संदेश, एक माह का वेतन किया समर्पित

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मुख्यमंत्री रेखा ने रामकथा मंच से दिया विश्व शांति का संदेश, एक माह का वेतन किया समर्पित


नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को भारत मंडपम में विश्व शांति के लिए आयोजित नौ दिवसीय रामकथा में शामिल हुईं। यह रामकथा सुप्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू द्वारा प्रस्तुत की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरारी बापू की रामकथा सेवा, करुणा और राष्ट्र के नैतिक संस्कारों का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य आचार्य लोकेश मुनि जी के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक चेतना और अहिंसा की परंपरा को सशक्त करता है। इन संस्थाओं द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवा और लोककल्याण के कार्यों से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने विश्व शांति केंद्र मिशन के लिए अपनी एक माह की वेतनराशि समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने इसे सामाजिक दायित्व और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी विनम्र सहभागिता बताया।

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष रामनाथ कोविंद ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विश्व शांति मिशन के लिए एक माह का वेतन समर्पित करना एक प्रेरक उदाहरण है। यह रामकथा आयोजन आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बना है।

इससे पूर्व रामकथा के छठे दिन पूज्य मोरारी बापू ने अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा सहित भारत के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म शाश्वत और सार्वभौम है। उन्होंने जैन आचार्य लोकेश सनातनी को व्यासपीठ पर आमंत्रित कर स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया और मुख्यमंत्री के यमुना नदी को शीघ्र स्वच्छ बनाने के संकल्प पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story