युवाओं की ऊर्जा का देशहित में उपयोग करेगा संघ

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं की ऊर्जा का देशहित में उपयोग करेगा संघ


हैदराबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय समन्वय बैठक 19 अगस्त से 21 अगस्त तक विशाखापत्तनम के गुडीलोवा स्थित विज्ञान विहार स्कूल में आयोजित की गई। संघ के सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के नेतृत्व में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय मुद्दों, आपसी समन्वय और सामाजिक सुधारों पर चर्चा करने के लिए संघ से प्रेरित 32 संगठनों के 306 प्रतिनिधि शामिल हुए।आज शाम बैठक का विधिवत समापन होगा।

समापन से पूर्व पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने तीन दिवसीय बैठक में आए विषयों पर हुई चर्चा के बारे में बताया। संघ की समन्वय बैठक में जेएन जी आंदोलन से लेकर जनसंख्यिकी असंतुलन और युवाओं में बढ़ती नशा की प्रवृत्ति पर विस्तार से मंथन हुआ। साथ ही एआई और कुटुंब प्रबोधन जैसे ज्वलंत सवालों पर भी संघ विचार से प्रेरित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आपस में गहनता से विचार किया।

बैठक में विचार आया कि युवा शक्ति में काफी ऊर्जा है, उसे देश की प्रगति में कैसे सकारात्मक उपयोग हो, इस हेतु संघ से जुड़े युवाओं के संगठन, विद्यार्थी परिषद और बजरंग दल को विशेष कार्ययोजना बनाने की जरूरत है। देश के कुछ हिस्सों में जनसंख्या असंतुलन से उत्पन्न समस्याओं पर भी मंथन हुआ। यह पाया गया कि कुछ क्षेत्रों में समुदाय विशेष की जनसंख्या में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि से सामाजिक सद्भाव बिगड़ रहा है। सरकार और स्वयंसेवी संस्थाओं को इस दिशा में आगे आकर पहल करनी चाहिए।

संघ ने संत रविदास की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की और सामाजिक समरसता की दृष्टि से इसे अत्यन्त अहम बताते हुए आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। संघ शताब्दी वर्ष पर आयोजित पंच परिवर्तन अभियान की समीक्षा की गई और कुटुम्ब प्रबोधन के कार्य को और गति देने पर सहमति बनी। संघ के अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख, संगठन महामंत्री आदि भी बैठक में शामिल हुए, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, विश्व हिन्दू परिषद के आलोक कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि प्रमुख थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story