भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी, नितिन नबीन का चुना जाना तय

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी, नितिन नबीन का चुना जाना तय


नई दिल्ली, 19 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए यहां पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में नामांकन की प्रक्रिया आज अपराह्न दो बजे से शुरू हो गयी। कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का अध्यक्ष पद पर चुना जाना तय माना जा रहा है।

नामांकन के लिए निर्धारित अपराह्न 02 से शाम 04 बजे तक की अवधि के प्रारंभ में पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और अमित शाह ने पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव अधिकारी डॉ के लक्ष्मण को कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के नाम के प्रस्ताव का पत्र सौंपा। उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, किरन रिजिजू और भूपेन्द्र यादव समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी थे।

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने पार्टी कार्यालय परिसर में पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्ताक्षर के साथ पहले सेट का नामांकन पूर्ण हो गया है। इसके बाद प्रदेशवार नामांकन प्रक्रिया शाम तक चलेगी। स्क्रूटनी और अन्य औपचारिकताओं के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे औपचारिक घोषणा की जाएगी।

अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए जारी पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच शाम 04 से 05 बजे तक होगी और शाम 06 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक प्रत्याशी होने पर अगले दिन यानी 20 जनवरी को मतदान होगा।

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के निर्वाचित घोषित किये जाने की औपचारिकता मात्र शेष है। उनके अनुसार इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन दाखिल करने की संभावना नहीं है।

झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने नितिन नबीन को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में हुई थी और अब तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अटल बिहारी वाजपेयी, एलके आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, एम. वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह और जेपी नड्डा रह चुके हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story