प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और गिरती साख का प्रतीक: धर्मेंद्र प्रधान

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और गिरती साख का प्रतीक: धर्मेंद्र प्रधान


धर्मेंद्र प्रधान ने मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर जताई नाराजगी, कहा—राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूल रही है कांग्रेस

भुवनेश्वर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर से सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित टिप्पणी की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के प्रति कांग्रेस की नफरत जगजाहिर है और खड़गे की टिप्पणी पार्टी की गिरती साख तथा बढ़ती हताशा को दर्शाती है।

धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस पद पर रहते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक शालीनता बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, उस पद से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार, राजनीतिक विरोध में कांग्रेस मर्यादा भूल चुकी है और नीतियों तथा विचारों के आधार पर मुकाबला करने के बजाय व्यक्तिगत अपमान का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दिवंगत माता के प्रति पहले की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद अब उनके दिवंगत पिता को लेकर ऐसी टिप्पणी करना कांग्रेस के राजनीतिक आचरण पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री का विरोध करने के लिए मुद्दे और तर्क समाप्त हो गए हैं? उन्होंने खड़गे को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति जनता का स्नेह कांग्रेस की बौखलाहट बढ़ा रहा है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जनता का विश्वास कांग्रेस की कुंठा से कहीं बड़ा है। लोकतंत्र में जनादेश का अपमान करके जनसमर्थन हासिल नहीं किया जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story