पुरी में हाेगी ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की दूसरी तकनीकी बैठक

WhatsApp Channel Join Now
पुरी में हाेगी ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की दूसरी तकनीकी बैठक


भुवनेश्वर, 26 मई (हि.स.)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से “डिजास्टर रिस्क रिडक्शन वर्किंग ग्रुप” की दूसरी तकनीकी बैठक 3 से 5 जून, 2026 तक ओडिशा के पुरी स्थित ताज पुरी रिजॉर्ट में हाेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ भाग लेंगे तथा आपदा प्रबंधन, आपदा प्रतिरोधक क्षमता निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। यह जानकारी राज्य सरकार के प्रवक्ता ने दी है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस सम्मेलन में ब्राजील, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और चीन सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आपदा तैयारी और प्रबंधन के क्षेत्र में ओडिशा की सक्रिय, प्रभावी और सुदृढ़ पहल को देखते हुए इस महत्वपूर्ण तकनीकी बैठक के आयोजन के लिए राज्य का चयन किया गया है। विशेष रूप से चक्रवात प्रबंधन, सामुदायिक आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली तथा सफल बचाव एवं निकासी रणनीतियों के लिए ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है।

उन्हाेंने बताया कि यह तकनीकी बैठक ब्रिक्स देशों के बीच आपदा प्रबंधन से संबंधित ज्ञान और अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। साथ ही नई तकनीकों, समन्वित रणनीतियों और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी। पुरी में इस महत्वपूर्ण ब्रिक्स तकनीकी सम्मेलन के आयोजन से न केवल आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ओडिशा की उपलब्धियों और विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी, बल्कि राज्य की अंतरराष्ट्रीय छवि भी और अधिक सुदृढ़ होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Share this story