पानीपत में राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या, वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या, वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज


पानीपत, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत के मतलौडा क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर को मारने की घटना सामने आई है। बुधवार को मतलौडा के रहने वाले नरेश ने स्थानीय पुलिस को यह सूचना दी।

शिकायतकर्ता नरेश के अनुसार, मतलौडा में रेलवे फाटक के पास कुछ असमाजिक तत्व झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। इन झोपड़ियों से कुछ ही दूरी पर उन्हें भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर के कटे हुए पंख, हड्डियां और अन्य अवशेष बिखरे हुए मिले। इसे देखकर आशंका जताई जा रही है कि इन लोगों ने राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर उसे मार डाला और उसका मांस पका कर खा गए। राष्ट्रीय पक्षी की हत्या और मांस खाने की सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस हरकत में आई।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने वहां बिखरे पड़े मोर के पंखों और अवशेषों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम से जुड़े होने के कारण थाना पुलिस ने तुरंत वन्य जीव विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।

वन विभाग की टीम को भी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और अवशेषों की प्रामाणिक जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने झोपड़ियों में रह रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। थाना मतलौडा प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि वन विभाग की टीम द्वारा अवशेषों की आधिकारिक पुष्टि करने के बाद पुलिस ने दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story