देश से मोहब्बत ही सबसे बड़ा राष्ट्रवाद: वजाहत हबीबुल्ला

WhatsApp Channel Join Now
देश से मोहब्बत ही सबसे बड़ा राष्ट्रवाद: वजाहत हबीबुल्ला


देश से मोहब्बत ही सबसे बड़ा राष्ट्रवाद: वजाहत हबीबुल्ला


- इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने किया राष्ट्रवाद की नई परिभाषा विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने दिल्ली में राष्ट्रवाद की नई परिभाषा विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित भारत के पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त वजाहत हबीबुल्ला ने कहा कि देश से मोहब्बत ही सबसे बड़ा राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि हम जिस देश में रहते हैं हम उस देश के नागरिक हैं और हम संविधान पर अमल करते हैं और सभी से मिलजुल कर रहते हैं तो यही राष्ट्रवाद है।

उन्होंने कहा कि हमारे देश में सबसे बड़ा नफरत का माहौल जो बना वह बंटवारे की वजह से बना। हमारे देश को हिंदू और मुसलमान राष्ट्रों में बांट दिया गया और इसके बाद जो हुआ उसकी आंच आज तक हमें देखने को मिल रही है। इस मौके पर प्रख्यात चिंतक विचारक योगेंद्र यादव, सांसद ईटी मोहम्मद बशीर, विधायक इमरान हुसैन, कौसर हयात, आसिफ अन्सारी, खुर्रम ओ उमर, मौलाना निसार अहमद आदि ने भाग लिया।

वजाहत हबीबुल्ला ने कहा कि इस देश को बनाने में सभी का योगदान है, लेकिन आज कुछ लोग सारा श्रेय लेना चाहते हैं जो सही नहीं है। उन्होंने अपने गांव का जिक्र करते हुए कहा कि हमारा गांव बाराबंकी जिला में है और यहां की आबादी मुस्लिम बहुल है। हमारा गांव आज तक टाउन नहीं बन पाया। सिर्फ मुस्लिम आबादी की वजह से इसे यह दर्द झेलना पड़ रहा है।

इस अवसर पर योगेंद्र यादव ने कहा की आज जिस विषय पर हम बात करने के लिए यहां उपस्थित हुए हैं इसका सीधा-साधा संदेश यह है कि हमें स्वतंत्रता आंदोलन के समय के राष्ट्रवाद को अपनाने के लिए सभी को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि उस समय का राष्ट्रवाद सभी को जोड़ने वाला था। उन्होंने कहा कि 100 साल से आरएसएस हिंदू, हिंदी, हिंदुस्तान का जो नारा लेकर राष्ट्रवाद की परिभाषा हमें समझाने की कोशिश कर रहा है हमें यह राष्ट्रवाद नहीं चाहिए हमें पंजाब, सिंध, गुजरात, मराठा वाला राष्ट्रवाद चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रवाद की हमें जरूरत नहीं है जो दो भाइयों को आपस में लड़ाने वाला हो। उन्होंने बताया कि इस वक्त जो राष्ट्रवाद जर्मनी से आयात किया गया है हमें जर्मनी का राष्ट्रवाद नहीं चाहिए हमें स्वतंत्रता आंदोलन के समय वाला राष्ट्रवाद चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story