देशभर में तेज़ी पकड़ रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान, दो हफ्तों में 3 लाख किशोरियों को लगा टीका

WhatsApp Channel Join Now
देशभर में तेज़ी पकड़ रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान, दो हफ्तों में 3 लाख किशोरियों को लगा टीका


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। देशभर में चल रहे ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान ने तेज़ी पकड़ ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार अभियान शुरू होने के महज दो सप्ताह के भीतर 14 वर्षीय लगभग 3 लाख किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, ओडिशा और मिजोरम जैसे राज्य इस अभियान में आगे चल रहे हैं। इन राज्यों में स्कूलों और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बड़े स्तर पर टीकाकरण किया जा रहा है।

एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में अहम भूमिका निभाती है, जो महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि अभियान को लेकर माता-पिता, स्कूलों और समुदायों में जागरूकता बढ़ रही है, जिसके चलते टीकाकरण के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

अभियान को शैक्षणिक सत्र के दौरान शुरू किया गया है। कई राज्यों में इस समय परीक्षाएँ चल रही हैं, इसके बावजूद टीकाकरण की रफ्तार बनी हुई है। अधिकारियों ने माना है कि परीक्षा सत्र खत्म होने के बाद अभियान और तेज़ होगा, जिससे अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ मिल सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग स्कूलों, स्थानीय निकायों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मिलकर टीकाकरण की व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटा है। अभिभावकों से भी अपील की जा रही है कि वे पात्र लड़कियों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करें। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यह अभियान देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story