छात्र स्वच्छता गतिविधियों में रोजाना कम-से-कम 30 मिनट दें : प्रह्लाद जोशी
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को छात्रों से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के लिए कम-से-कम 30 मिनट देने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण को गति मिल सकती है।
जोशी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में राष्ट्रव्यापी ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के तहत श्रमदान और स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
छात्रों से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध सार्वजनिक स्वास्थ्य और लोगों के कल्याण से है। उन्होंने छात्रों से शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ अपने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक भागीदारी को प्रेरित कर सकते हैं और स्वच्छता को जन आंदोलन में बदलने में मदद कर सकते हैं।
जोशी ने युवाओं के बीच शारीरिक फिटनेस और बाहरी गतिविधियों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने छात्रों से खेलों में भाग लेने, मैदान पर समय बिताने और स्क्रीन पर बिताए जाने वाले समय के साथ स्वस्थ संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में छात्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने जिम्मेदार नागरिकता और सक्रिय भागीदारी के जरिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

