गढ़चिरौली में 30 लाख रुपये के इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। गढ़चिरौली जिले में 30 लाख रुपये के इनामी नौ नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें तीन पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। यह सभी छत्तीसगढ़ के इंद्रावती नेशनल पार्क में एक्टिव थे।
गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय के मुताबिक़ 'नक्सल-फ्री इंडिया' की डेडलाइन 31 मार्च थी। इसी डेडलाइन के आखिरी दिन गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन सभी पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें दो एरिया कमेटी मेंबर और 7 मेंबर हैं। आज सरेंडर करने वाले नौ नक्सली छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। गढ़चिरौली जिले में छह नक्सली अभी भी एक्टिव हैं। 31 मार्च की हेडलाइन के बाद भी, गढ़चिरौली जिले में अभी के रिकॉर्ड पर मौजूद छह नक्सली अभी भी एक्टिव हैं। उन्होंने सरेंडर नहीं किया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गढ़चिरौली में नक्सल फ्री इंडिया के लिए काम करने वाले सी-६० के पुलिस जवानों का अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सी-६० में काम करने वालों को महाराष्ट्र सरकार मेडल देकर सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में नक्सल समाप्त करने का श्रेय दरअसल सी-६० के जवानों को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में लोग जाने की हिम्मत नहीं करते थे, लेकिन अब इस जिले में उद्योग धंधे फल फूल रहे हैं और लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

