गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलने के साथ उत्तराखंड में होगा चारधाम यात्रा का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलने के साथ उत्तराखंड में होगा चारधाम यात्रा का शुभारंभ


देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर यानी 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।इसके साथ ही चारधाम की यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।

गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि हिन्दू पंचाग अनुसार घोषणा कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अक्षया तृतीया पर 19 अप्रैल को शुभलाभ बेला पर गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 18 अप्रैल को गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगा जी भोगमूर्ति विग्रह डोली में सेना बैंड और ढ़ोल दमाऊ के साथ दोपहर 12 बजकर 15 मिनिट पर गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। रात्रि विश्राम भैरव घाटी के भैरव मंदिर में करेंगी। उसके बाद 19 अप्रैल सुबह सात बजे गंगोत्री धाम के लिए पैदल रवाना होगी। उसके बाद अक्षय तृतीया पर विधि विधान के साथ धाम के कपाट छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं, 19 अप्रैल को मां यमुना के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

कपाट खोलने की तिथि पर समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।

परंपरानुसार अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाते हैं, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा विधिवत शुरू हो जाती है। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story