कॉकरोच जनता पार्टी नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख ले: अठावले

WhatsApp Channel Join Now
कॉकरोच जनता पार्टी नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख ले: अठावले


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने शनिवार को पिंक सिटी प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत में एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपना नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख लेना चाहिए। सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

अठावले ने कहा कि सीजेपी नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थी लेकिन हर मामले में इस्तीफे की मांग उचित नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग और एसआईआर का बचाव करते हुए कहा कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची में अपात्र नाम हटाना और पात्र लोगों के नाम जोड़ना है। मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए गए आरोपों की जांच सरकार कराएगी।

उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की जीत पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि एनडीए की जीत पर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जाता है। अठावले ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी 15 वर्ष तक प्रधानमंत्री रहेंगे और साल 2029 में भी एनडीए की ही सरकार बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story