एआईसीटीई ने दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए ‘समर्थन: इंटर्नशिप कनेक्ट योजना’ शुरू की
नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने देश के दूरस्थ और शैक्षणिक रूप से वंचित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए ‘समर्थन: इंटर्नशिप कनेक्ट योजना 2026-27’ शुरू की है। योजना के तहत इस वर्ष 611 विद्यार्थियों को देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में 30 दिवसीय ऑन-कैंपस इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा।
एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह ने सदस्य सचिव प्रो. श्यामा रथ की उपस्थिति में इस योजना का शुभारंभ किया। योजना का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक और व्यावसायिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
इस योजना के तहत आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी, आईआईएसईआर, एनआईटीटीटीआर, एनआईडी, एनआईएफटी और आईएचएम जैसे संस्थानों में इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एआईसीटीई के अनुसार कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रयोगशाला प्रशिक्षण, शोध गतिविधियों और नवाचार एवं इनक्यूबेशन केंद्रों का अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें शिक्षकों, शोधकर्ताओं और पूर्व छात्रों से संवाद का अवसर भी प्राप्त होगा।
प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि ‘समर्थन’ योजना भारत सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके तहत देश के हर विद्यार्थी को उसकी भौगोलिक स्थिति की परवाह किए बिना समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सदस्य सचिव प्रो. श्यामा रथ ने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, कौशल और रोजगार क्षमता को मजबूत करने में सहायक होगी।
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। एआईसीटीई ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों के भोजन और आवास की व्यवस्था मेजबान संस्थान करेंगे, जबकि यात्रा व्यय की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

