इंडोनेशिया यात्रा से रक्षा, डिजिटल नवाचार और एआई सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खुले : मोदी

WhatsApp Channel Join Now
इंडोनेशिया यात्रा से रक्षा, डिजिटल नवाचार और एआई सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खुले : मोदी


नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी यात्रा ने भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा एवं सुरक्षा, समुद्री सहयोग, उभरती प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल नवाचार और क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया की अपनी राजकीय यात्रा समाप्त होने पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि वह भारत-इंडोनेशिया साझेदारी के भविष्य को लेकर प्राप्त उपलब्धियों से अत्यंत संतुष्ट हैं। उन्होंने इंडोनेशिया की जनता और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रपति सुबियांतो ने विशेष आत्मीयता और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता दिखाई।

मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान रक्षा एवं सुरक्षा, समुद्री सहयोग, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार तथा क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खुले हैं, जिससे दोनों देशों के संबंध और अधिक व्यापक तथा भविष्य उन्मुख बनेंगे।

इस बीच, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी प्रधानमंत्री की यात्रा को अत्यंत सफल बताया। उन्होंने 'एक्स' पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया की राजकीय यात्रा संपन्न कर अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण के लिए मेलबर्न रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि विशेष मित्रता के संकेत के रूप में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो स्वयं हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री को विदा करने पहुंचे।

जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की इंडोनेशिया यात्रा से दोनों देशों के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परिणाम हासिल हुए हैं। इससे भारत-इंडोनेशिया साझेदारी और अधिक मजबूत आधार पर स्थापित हुई है तथा भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी सहयोग एजेंडा तय हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story