बांग्लादेश के गृहमंत्री की सफाई, मो. शहाबुद्दीन ने 'दबाव' नहीं, स्वास्थ्य कारणों से छोड़ा राष्ट्रपति पद

WhatsApp Channel Join Now


ढाका, 26 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश के गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने दावा किया है कि 24 जुलाई को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने वाले मोहम्मद शहाबुद्दीन पर इसके लिए कोई दबाव नहीं था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने देश के संविधान अनुरूप अपना त्यागपत्र संसद के अध्यक्ष को सौंपा। संसद के अध्यक्ष हफीजुद्दीन अहमद अब कार्यवाहक राष्ट्रपति हैं।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, गृहमंत्री अहमद ने कहा कि सरकार को पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को गिरफ्तार करने का कोई आधार नहीं दिखता। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति को मिलने वाली सभी सुविधाएं मिलेंगी। उनके कार्यकाल के दौरान कर्तव्य और दायित्व से जुड़े किसी भी कार्य के लिए मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। इससे बाहर जाकर अगर कोई आरोप लगता है तो उसकी जांच कराई जा सकती है।

गृहमंत्री ने यह बात आज पुलिस विभाग की अवॉर्ड सेरेमनी के बाद संवाददाता सम्मेलन में कही। सलाहुद्दीन ने कहा कि राष्ट्रपति का इस्तीफा संविधान के अनुसार स्वीकार किया गया। उन्होंने शहाबुद्दीन के इस्तीफे पर राजनीतिक पार्टियों की आलोचना और विरोध का भी जवाब दिया। गृहमंत्री ने कहा, विद्रोह के बाद के बांग्लादेश में सभी को राजनीतिक राय रखने और मांगें रखने की आजादी है। हमने ऐसा कुछ नहीं देखा, जिसके लिए कानूनी कार्रवाई की जरूरत हो। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभाई और सरकार के साथ सहयोग किया।

पूर्व राष्ट्रपति शहाबुद्दीन से जुड़ी लीक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के बारे में पूछे जाने पर गृहमंत्री ने कहा कि सरकार ने सिर्फ मीडिया में रिपोर्ट देखी हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात से पूर्व पुलिस महानिरीक्षक बेनजीर अहमद को प्रत्यर्पित करने के राजनयिक प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि 76 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का बेहद करीबी माना जाता है।

हसीना के साल के अंत तक स्वदेश पहुंचने की घोषणा के कुछ दिनों बाद पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने पद छोड़ा है। शेख हसीना की अवामी लीग की सरकार के समय 2023 में उन्हें बांग्लादेश का राष्ट्रपति चुना गया था। वह 2024 तक अवामी लीग के सदस्य रहे हैं। विपक्षी राजनीतिक दल नेशनल सिटिजन पार्टी) ने पूर्व राष्ट्रपति को गिरफ्तार करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story