अमेरिका में मौसम खराब, आजादी का जश्न कुछ देर रुका, देरी से पहुंचे राष्ट्रपति ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका में मौसम खराब, आजादी का जश्न कुछ देर रुका, देरी से पहुंचे राष्ट्रपति ट्रंप




वाशिंगटन, 05 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका में शनिवार रात खराब मौसम की मार से नेशनल मॉल में आयोजित आजादी के 250 साल पूरे होने पर आयोजित जश्न भी अछूता नहीं रहा। कुछ घंटों के लिए नेशनल मॉल को खाली कराना पड़ा। इससे जश्न में देरी हुई। हजारों लोगों को पास की सरकारी इमारतों और म्यूजियम में शरण लेनी पड़ी। बाद में आयोजकों ने मॉल को फिर से खोल दिया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रात 11 बजे (पूर्वी समयानुसार) के बाद अपना भाषण शुरू किया।

द वाशिंगटन पोस्ट और सीबीएस न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, लाल, सफेद और नीले रंग के कपड़े पहने और पसीने से तर-बतर लोग नेशनल मॉल के बाहर घंटों कतारों में खड़े रहे। कभी वे झुंझलाहट में चिल्लाते तो कभी थकान से गिर पड़ते। इस वजह से स्वतंत्रता दिवस परेड को रद्द करना पड़ा।

शाम को एयर फोर्स वन के नेशनल मॉल के ऊपर से गुजरने से ठीक पहले खराब मौसम की चेतावनी के कारण सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने हजारों लोगों को मॉल से हटने का आदेश दिया। इससे लोग आसपास की इमारतों में पनाह लेने के लिए अफरातफरी में भागने लगे। हालांकि ट्रंप के कुछ समर्थकों ने जाने से इनकार कर दिया और राइजर पर खड़े होकर नारे लगाने लगे।

अधिकारियों ने कहा कि रात नौ बजे कहा कि नेशनल मॉल के द्वार रात 9:45 बजे फिर से खुलेंगे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रात 11 बजे भाषण देंगे। भीषण गर्मी और निराशा के बावजूद राष्ट्रपति के हजारों समर्थक पीछे नहीं हटे और न ही एयर कंडीशंड स्मिथसोनियन म्यूजियम में गए। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल में लिखा, हमारे देश के लिए प्यार पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है! राष्ट्रपति ट्रंप रात 11:15 बजे के बाद नेशनल मॉल में मंच पर पहुंचे। उन्होंने लोगों का धन्यवाद किया।

राष्ट्रपति ने कहा, मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं क्योंकि आपने खराब मौसम की परवाह नहीं की। मैंने तय कर रखा था कि अगर सुबह 4 बजे भी एक व्यक्ति के सामने बोलना पड़े, तो भी मैं यहीं रहूंगा। मेरे स्टाफ के एक सदस्य ने कहा था कि मेरा भाषण शायद अगले हफ्ते तक के लिए टाला जा सकता है। मैंने इस सुझाव को ठुकरा दिया। मैंने कहा कि यह बड़ा दिन है। मैं चार जुलाई को ही संबोधित करूंगा।

ट्रंप के कैबिनेट के कई सदस्य इस अवसर पर नेशनल मॉल में मौजूद रहे। उनमें ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट, सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो, कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक और होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन प्रमुक हैं। साथ ही, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन और व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवन चेउंग भी मौजूद रहे।

न्यूयॉर्क के इतिहास में पहली बार मशहूर टाइम्स स्क्वायर की बॉल को नए साल की पूर्व संध्या पर नीचे गिराया गया। इसे देखने के लिए आधी रात हजारों लोग जमा हुए। इसके बाद न्यूयॉर्क हार्बर में साफ आसमान के नीचे दुनिया भर से आए जहाज स्टैच्यू ऑफ़ लिबर्टी के पास से गुजेरे। नेशनल मॉल में जश्न के दौरान 51 लोगों का गर्मी से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा। नेशनल स्पेशल सिक्योरिटी इवेंट जॉइंट इंफॉर्मेशन सेंटर ने बताया कि नेशनल मॉल में कुल 86 लोगों का अलग-अलग बीमारियों के लिए इलाज किया गया। इनमें से 34 लोगों को इलाके के अस्पतालों में ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उन 34 लोगों में से 12 को गर्मी से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल ले जाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story