यूक्रेन के नए प्रधानमंत्री होंगे सर्गी कोरेट्स्की, जेलेंस्की ने किया समर्थन

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 15 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्टोगाज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सर्गी कोरेट्स्की को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया है। यह फैसला प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको के इस सप्ताह इस्तीफा देने के बाद सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेलेंस्की ने पत्रकारों से कहा, हमारी प्राथमिकता स्पष्ट है- आगामी सर्दियों की तैयारी। सभी आवश्यक विचार-विमर्श के बाद मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री पद के लिए सर्गी कोरेट्स्की सबसे उपयुक्त और तैयार उम्मीदवार हैं।

इससे पहले, स्विरिडेंको ने प्रधानमंत्री पद संभालने के लगभग एक वर्ष बाद इस्तीफा दिया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सरकार में इस फेरबदल की घोषणा तो की, लेकिन इसके पीछे कोई विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि देश नई चुनौतियों और प्राथमिकताओं के अनुरूप अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव कर रहा है।

यूक्रेन में प्रधानमंत्री की नियुक्ति संसद करती है। हालांकि संसद में राष्ट्रपति जेलेंस्की की पार्टी के पास बहुमत होने के कारण माना जा रहा है कि सर्गी कोरेट्स्की के नाम पर आसानी से मुहर लग जाएगी।

कोरेट्स्की वर्तमान में नाफ्टोगाज के प्रमुख हैं और ऊर्जा क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें ऐसे समय जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जब रूस के लगातार हमलों के कारण यूक्रेन का ऊर्जा ढांचा गंभीर दबाव में है। आगामी सर्दियों से पहले ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना नई सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story