यमन के प्रधानमंत्री का आरोप- हूती हमले ईरान के एजेंडे का हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
यमन के प्रधानमंत्री का आरोप- हूती हमले ईरान के एजेंडे का हिस्सा


अदन, 26 जुलाई (हि.स.)। यमन के प्रधानमंत्री शईद मोहसिन अल-जंदानी ने लाल सागर में व्यापारिक जहाजों पर हूती विद्रोहियों के लगातार हमलों की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि ये हमले ईरान के व्यापक एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां क्षेत्रीय और वैश्विक समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गई हैं।

प्रधानमंत्री अल-जंदानी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि हूती विद्रोहियों के हमलों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की स्वतंत्र आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इन घटनाओं का असर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन), अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री परिवहन पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि लाल सागर में बढ़ता तनाव संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। उनके अनुसार, इस प्रकार की गतिविधियां क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं।

यमन के प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हूती विद्रोहियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्रोही समूह को मिलने वाले बाहरी समर्थन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और स्थिरता बहाल की जा सके।

गौरतलब है कि लाल सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में हाल के महीनों में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाओं के कारण वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ी हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story