यमन में लाल सागर और अदन की खाड़ी के मुहाने पर ऑयल टैंकर के पास धमाके, चेतावनी जारी

WhatsApp Channel Join Now
यमन में लाल सागर और अदन की खाड़ी के मुहाने पर ऑयल टैंकर के पास धमाके, चेतावनी जारी


अल मुखा (यमन), 05 अक्टूबर (हि.स.)। लाल सागर और अदन की खाड़ी के मुहाने पर कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई हैं। यमन के शहर अल मुखा से लगभग 60 नॉटिकल मील दक्षिण में एक ऑयल टैंकर के बहुत करीब कई धमाके हुए। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने धमाकों के बाद इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक्स पर चेतावनी जारी की।

चेतावनी नंबर 151-26 के अनुसार, इस घटना की जानकारी जहाज के कंपनी सिक्योरिटी ऑफिसर (सीएसओ) ने दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब जहाज अल मुखा के दक्षिण में जल क्षेत्र से गुजर रहा था, तो उसके बहुत करीब कई जोरदार धमाके देखे गए। अभी यह साफ नहीं है कि धमाकों का कारण क्या था या इनके पीछे कौन था। यूकेएमटीओ ने इस घटना को संदिग्ध गतिविधि बताया है।

धमाकों के बाद सबसे राहत की बात यह है कि टैंकर का पूरा क्रू सुरक्षित बताया जा रहा है। यूएकेएमटीओ के अनुसार, घटना के बाद पर्यावरण को किसी तरह के नुकसान की भी सूचना नहीं मिली है। यानी फिलहाल समुद्र में तेल रिसाव या किसी अन्य पर्यावरणीय प्रभाव की रिपोर्ट नहीं है।

यूएकेएमटीओ ने कहा है कि इस मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमाके सैन्य गतिविधि, मिसाइल या ड्रोन हमले, या किसी अन्य कारण से हुए। इसलिए, फिलहाल इस घटना को किसी खास समूह या देश से नहीं जोड़ा गया है।

यूएकेएमटीओ ने समुद्री रास्ते से गुजरने वाले सभी कमर्शियल जहाजों को बहुत सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही, कैप्टन और शिपिंग कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत यूएकेएमटीओ को रिपोर्ट करें।

अल-मुखा के दक्षिण में स्थित यह समुद्री इलाका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के बहुत करीब है। यह लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। हाल ही में इस इलाके में क्षेत्रीय तनाव और सैन्य गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story