शी जिनपिंग और मोहम्मद बिन सलमान की बातचीत, मध्य पूर्व में सीजफायर और स्थिरता पर जोर
बीजिंग/रियाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के बीच सोमवार दोपहर फोन पर अहम बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों और मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई।
चीन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार शी जिनपिंग ने सऊदी अरब के साथ संबंधों को विशेष महत्व देते हुए कहा कि दोनों देश आपसी सम्मान, समानता और पारस्परिक लाभ के सिद्धांतों पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 10 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इसे और मजबूत करने के लिए सहयोग बढ़ाने की जरूरत है।
मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर बात करते हुए शी जिनपिंग ने तत्काल और व्यापक युद्धविराम की अपील की। उन्होंने कहा कि विवादों का समाधान राजनीतिक और कूटनीतिक माध्यमों से होना चाहिए। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात की सुचारू आवाजाही बनाए रखने पर भी जोर दिया, जिसे उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक हितों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कि सऊदी अरब-चीन संबंध रणनीतिक महत्व रखते हैं और इन्हें आगे बढ़ाना उनके देश की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष से खाड़ी देशों की सुरक्षा पर असर पड़ रहा है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा विश्व अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सऊदी नेतृत्व ने यह भी दोहराया कि वह संवाद के जरिए मतभेद सुलझाने के पक्ष में है और क्षेत्र में तनाव बढ़ने से बचना चाहता है। साथ ही चीन के साथ समन्वय बढ़ाकर युद्धविराम बनाए रखने, समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में स्थायी शांति व स्थिरता के प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

