अमेरिका-ईरान की बैठक मंगलवार को दोहा में होगी : ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका-ईरान की बैठक मंगलवार को दोहा में होगी : ट्रंप


दोहा, 29 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनाव कम करने की कोशिशों के बीच दोनों देशों की संभावित वार्ता को लेकर विरोधाभासी दावे सामने आए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने बातचीत का अनुरोध किया है और दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में बैठक होगी। वहीं, ईरान ने फिलहाल ऐसी किसी निर्धारित बैठक से इनकार किया है।

तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू और अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, ईरान ने बैठक का अनुरोध किया था। यह कल दोहा में होगी।

हालांकि, ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने अमेरिकी मीडिया में प्रकाशित उन खबरों का खंडन किया, जिनमें इस सप्ताह दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी वार्ता होने का दावा किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसी कोई बैठक तय नहीं है, हालांकि दोनों देशों के बीच मध्यस्थों के माध्यम से संपर्क और बातचीत जारी है।

इस बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हालिया तनाव के बाद अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनाई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्ष होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा क्षेत्रीय तनाव कम करने के उद्देश्य से दोहा में बातचीत कर सकते हैं।

रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि तकनीकी स्तर की वार्ता जारी रहने तक दोनों देश संयम बरतेंगे और सैन्य गतिविधियों को सीमित रखेंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार प्रभावित न हो। इसके साथ ही व्यावसायिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही बनाए रखने पर भी सहमति बनने की बात कही गई है।

सूत्रों के अनुसार, हालिया समझ के तहत ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। इसके बदले अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से जुड़े कुछ प्रतिबंधों में सीमित राहत देने पर सहमति जताई है।

रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि स्विट्जरलैंड में हुई पिछली वार्ता के दौरान समुद्री सुरक्षा के बेहतर समन्वय के लिए अमेरिकी सेना और ईरान की सैन्य कमान के बीच एक 'हॉटलाइन' स्थापित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया जा सका है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रस्तावित बातचीत का मूल एजेंडा ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा था, लेकिन क्षेत्रीय हालात और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़े तनाव के बाद वार्ता का फोकस समुद्री सुरक्षा और तनाव कम करने के उपायों पर केंद्रित किया जा सकता है।

फिलहाल व्हाइट हाउस ने ट्रंप के दावे या संभावित बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story