ईरान के खुज़ेस्तान में 6 पेट्रो केमिकल प्लांट पर हवाई हमला, 5 घायल

WhatsApp Channel Join Now
ईरान के खुज़ेस्तान में 6 पेट्रो केमिकल प्लांट पर हवाई हमला, 5 घायल


तेहरान, 04 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका और इजराइल ने दक्षिण-पश्चिमी ईरान के खुज़ेस्तान प्रांत के कई पेट्रो केमिकल प्लांट पर हवाई हमले कर उन्हें निशाना बनाया है। महशहर इलाके में हुए इन हमलों में कम-से-कम 5 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई औद्योगिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। ताजा घटनाक्रम ने क्षेत्र में पहले से जारी सैन्य तनाव को और बढ़ा दिया है।

ईरान की सरकारी समाचार संस्था प्रेसईडी टीवी के अनुसार, शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:45 बजे अमेरिका और इजराइल ने ईरान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत खुज़ेस्तान में माैजूद छह पेट्रोकेमिकल प्लांट को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिसमें कम-से-कम पांच लोग घायल हो गए हैं। इसके अलावा महशहर शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी ये हमले किए गए। शहर के इन पेट्रोकेमिकल प्लांट में फज्र 1, फज्र 2, रिजाल, अबू अली, बंदर इमाम और अमीर कबीर शामिल हैं।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ईरान और इराक के बीच शालमचेह सीमा चौकी पर भी हमला किया गया। इस हमले से गंभीर नुकसान पहुंचा है।

शनिवार को जारी बयान में महशहर के पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि सभी कर्मचारियों को प्लांट से निकाल लिया गया है और क्षेत्र की बिजली काट दी गई है। बयान में कहा गया है कि आपातकालीन बचाव दल, चिकित्सा कर्मी और अग्निशमन विभाग कर्मी क्षेत्र में मौजूद हैं और स्थिति नियंत्रण में है।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इस हमले में सर्वाेच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और नागरिकों की माैत हाे गई थी। इसके जवाब में, ईरानी खाड़ी देशाें में माैजूद अमेरिका और इजराइल के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाता आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story