होर्मुज स्ट्रेट ईरान के कड़े नियंत्रण में : ईरानी सैन्य प्रवक्ता

WhatsApp Channel Join Now
होर्मुज स्ट्रेट ईरान के कड़े नियंत्रण में : ईरानी सैन्य प्रवक्ता


होर्मुज स्ट्रेट ईरान के कड़े नियंत्रण में : ईरानी सैन्य प्रवक्ता


तेहरान, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (होर्मुज स्ट्रेट) को लेकर कहा है कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर उसके सशस्त्र बलों का सख्त नियंत्रण बना हुआ है और स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। ईरान ने सीमित संख्या में तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों को गुजरने की अनुमति देने की बात कही है। इसके साथ ही अमेरिका पर अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन करते हुए समुद्री गतिविधियों में दखल देने का आरोप लगाया।

ईरान की संवाद समिति तसनीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरानी सैन्य कमान मुख्यालय 'खातम अल-अंबिया' के प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि जब तक ईरान के जहाजों की आवाजाही पर लगे प्रतिबंध नहीं हटाए जाते, तब तक यह रणनीतिक जलमार्ग कड़े नियंत्रण में ही रहेगा। उन्हाेंने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी सशस्त्र बलों का कड़ा नियंत्रण है और यह अपनी पिछली परिचालन स्थिति में ही रहेगा।

प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि सद्भावना के साथ की गई बातचीत के दौरान बनी पिछली सहमतियों के अनुरूप ईरान ने सीमित संख्या में तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों को एक व्यवस्थित तरीके से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुज़रने की अनुमति देने पर सहमति जताई है।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताओं का बार-बार उल्लंघन करने के कारण जिसे वह नाकेबंदी कहता है, उसके बहाने उसकी समुद्री लूट एवं डकैती की हरकतें जारी हैैं। इसके परिणामस्वरूप होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण उसकी पिछली स्थिति में वापस आ गया है और यह रणनीतिक जलमार्ग सशस्त्र बलों के कड़े प्रबंधन और नियंत्रण में है।

प्रवक्ता ने कहा कि जब तक अमेरिका ईरान से जहाजों की मुक्त आवाजाही पर लगे प्रतिबंधों को समाप्त नहीं कर देता, तब तक होर्मुज की स्थिति कड़े नियंत्रण में रहेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story