आईआरजीसी से कारोबार करने वालों पर अमेरिका लगाएगा नए प्रतिबंध : अमेरिकी वित्त मंत्री

WhatsApp Channel Join Now

वाशिंगटन, 01 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ाने की तैयारी कर ली है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि वाशिंगटन उन लोगों और संस्थाओं के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा करेगा, जो ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के साथ कारोबार करते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका आईआरजीसी की संपत्तियों का भी पता लगा रहा है।

जी20 वित्तीय बैठक के दौरान बेसेंट ने ईरान की मौजूदा स्थिति को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में ईरान की नौसेना, वायुसेना और ड्रोन क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। उनका यह भी दावा था कि ड्रोन बनाने वाली ईरान की अधिकांश फैक्ट्रियों को नुकसान पहुंचाया गया है।

बेसेंट ने कहा कि ईरान इस समय सैन्य और आर्थिक रूप से बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने अमेरिकी रणनीति को आर्थिक दबाव बढ़ाने वाली मुहिम के रूप में पेश करते हुए कहा कि वाशिंगटन ईरानी शासन पर आर्थिक दबाव और तेज करेगा।

अमेरिकी वित्त मंत्री ने संकेत दिया कि प्रतिबंधों का दायरा केवल ईरानी संस्थाओं तक सीमित नहीं रहेगा। ईरान या उसकी सेना के साथ कारोबार करने वाले तीसरे देशों के कारोबारी और वित्तीय संस्थान भी अमेरिकी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। अमेरिका पहले ही ईरान से जुड़े वित्तीय नेटवर्क पर दबाव बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रहा है और इस सप्ताह एक ईरानी बैंक पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना भी जताई गई है।

बेसेंट ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन आईआरजीसी की वैश्विक संपत्तियों का पता लगाकर उन्हें निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ईरान की वित्तीय क्षमता और उसके सैन्य ढांचे को आर्थिक रूप से कमजोर करना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story