अमेरिकी हमले में ईरानी युद्धपोत ओमान की खाड़ी में डूबा, सेंटकॉम का दावा

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन/मस्कट, 02 मार्च (हि.स.)। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसके बलों ने ओमान की खाड़ी में ईरानी नौसेना के एक जामरान-क्लास कॉरवेट युद्धपोत को निशाना बनाया, जो अब चाह बहार बंदरगाह के पास डूब रहा है। यह कार्रवाई अमेरिका-इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान की शुरुआत के तहत की गई बताई गई है।

यूनाइटेड सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने अपने बयान में कहा कि हमले का उद्देश्य ईरान की सैन्य संरचना और क्षमताओं को कमजोर करना था और अभियान अपने लक्ष्य में सफल रहा। जिस पोत को निशाना बनाया गया, उसे जामरान-क्लास कॉरवेट बताया गया है, जिसे ईरानी नौसेना की सतह युद्ध क्षमता का अहम हिस्सा माना जाता है।

घटना ओमान का खाड़ी में स्थित चाबहार पोर्ट के निकट हुई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में पहले से जारी सैन्य तनाव और बढ़ गया है।

अमेरिका का कहना है कि यह ऑपरेशन ईरान की सैन्य क्षमताओं को सीमित करने के उद्देश्य से किया गया, जबकि ईरान की ओर से इस हमले पर तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के कारण पूरे मध्य-पूर्व में अस्थिरता बढ़ी है। विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्री मार्गों और ऊर्जा आपूर्ति पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है, क्योंकि ओमान की खाड़ी वैश्विक व्यापार के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story