बच्चों की सुरक्षित वापसी में बाधा डालने वालों को नहीं मिलेगा अमेरिकी वीजा: रुबियो

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 28 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माता-पिता से जुड़े बाल अपहरण मामलों के समाधान में जानबूझकर बाधा डालने वाले लोगों पर वीजा प्रतिबंध लगाने की नीति की घोषणा की है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को कहा कि यह प्रतिबंध संबंधित लोगों के निकटतम परिवार के सदस्यों पर भी लागू हो सकता है।

रुबियो के अनुसार, यह नीति उन लोगों को निशाना बनाएगी जो अपहृत बच्चों को उनके सामान्य निवास वाले देश में वापस भेजने की प्रक्रिया में जानबूझकर देरी करते हैं। इनमें विदेशी सरकारी अधिकारी, न्यायाधीश, न्यायिक प्रशासक और कानून प्रवर्तन अधिकारी शामिल हो सकते हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जो संबंधित कानूनों, नीतियों या अदालत के आदेशों का जानबूझकर पालन नहीं करते और बच्चों की वापसी में बाधा डालते हैं। हालांकि, बयान में किसी विशेष देश, अधिकारी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि नई नीति के तहत अब तक किसी का वीजा रोका गया है या नहीं।

रुबियो ने इसे उन देशों पर दबाव बनाने का नया माध्यम बताया जो अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि अमेरिकी बच्चों की सुरक्षा और उन्हें उनके माता-पिता से मिलाना ट्रंप प्रशासन की प्राथमिकता है।

विदेश विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई इमिग्रेशन एंड नेशनलिटी एक्ट की धारा 212(ए)(3)(सी) के तहत की जाएगी। यह नीति वीजा जारी करने से संबंधित है और बच्चों की कस्टडी तय करने या उनकी वापसी का आदेश देने के लिए कोई नई न्यायिक प्रक्रिया नहीं बनाती।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story