ईरान-अमेरिका समझौते के मसौदे पर बड़ा दावा, समुद्री आवाजाही बहाल करने की तैयारी
तेहरान/वॉशिंगटन, 27 मई (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच जारी बातचीत को लेकर ईरान की सरकारी मीडिया ने बड़ा दावा किया। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के बीच तैयार किए जा रहे समझौता ज्ञापन (एमओयू) के मसौदे में अमेरिका द्वारा ईरान के आसपास से सैन्य बलों की वापसी और ईरानी बंदरगाहों पर लगे प्रतिबंध हटाने का प्रस्ताव शामिल हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अमेरिकी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ईरानी सरकारी प्रसारण माध्यम की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित समझौते के तहत ईरान भी बदले में एक महीने के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही को युद्ध से पहले के स्तर तक बहाल करने के लिए सहमत हो सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि समुद्री यातायात के संचालन और मार्ग निर्धारण का काम ईरान और ओमान के सहयोग से किया जा सकता है। हालांकि सैन्य जहाजों को इस व्यवस्था से बाहर रखने की बात कही गई है।
सूत्रों के मुताबिक, समझौते की रूपरेखा अभी अंतिम रूप में नहीं पहुंची है और तेहरान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कदम से पहले ठोस सत्यापन आवश्यक होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

