ईरान पर अमेरिकी हमले में 30 की मौत, ट्रम्प ने अगले 3 दिन और बड़े हमले की चेतावनी दी

WhatsApp Channel Join Now

- हाल के अमेरिकी हवाई हमलों में 260 से अधिक लोगों के घायल होने का दावा

तेहरान/वॉशिंगटन, 15 जुलाई (हि.स.)। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि हाल के अमेरिकी हवाई हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमनपौर के अनुसार, घायलों में कम से कम तीन महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 222 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

केरमनपौर ने कहा कि ये सभी लोग ईरान पर हाल में हुए अमेरिकी हमलों की ताजा लहर में घायल हुए हैं। हालांकि, उन्होंने हमलों की सटीक समयावधि का उल्लेख नहीं किया। इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

इससे पहले ईरान सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बताया था कि हाल के दिनों में दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हमलों में 30 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। ईरानी सेना ने दावा किया कि देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित एक सैन्य अड्डे पर रातभर हुए अमेरिकी हमलों में सात सैन्यकर्मी भी मारे गए।

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक से पहले फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका अगले तीन दिनों में ईरान पर और अधिक जोरदार हमले करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना की नजर पिकऐक्स माउंटेन पर बनी हुई है। अमेरिका और इजराइल का मानना है कि इस पहाड़ी के नीचे ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियां संचालित कर रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story