यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा कर रहा अमेरिका: ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका यूक्रेन के साथ अब भी खुफिया जानकारी साझा कर रहा है और रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए मॉस्को तथा कीव, दोनों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की युद्ध समाप्त करना चाहते हैं, लेकिन दोनों नेताओं के बीच गहरी दुश्मनी समाधान की राह में बाधा बनी हुई है।

पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “हम यूक्रेन की मदद कर रहे हैं और उसके साथ खुफिया जानकारी साझा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्ध समाप्त करना चाहता है और इसके लिए रूस तथा यूक्रेन, दोनों के साथ प्रयास कर रहा है।

ट्रंप के अनुसार, पुतिन और जेलेंस्की दोनों युद्ध खत्म करना चाहते हैं, लेकिन उनके बीच बहुत अधिक नफरत है और उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि समाधान तक कैसे पहुंचा जाए।

रूसी डीजल सौदे पर सवालों से बचते दिखे ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति से रूसी डीजल से जुड़े एक सौदे के बारे में भी सवाल पूछे गए। इस सौदे को लेकर दोनों प्रमुख अमेरिकी राजनीतिक दलों के सांसदों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि यह रूस के ऊर्जा आयात पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों के संभावित उल्लंघन का मामला हो सकता है। ये प्रतिबंध यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद लगाए गए थे।

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या इस सौदे से रूस को मिलने वाली कमाई का इस्तेमाल और बम खरीदने के लिए किया जा सकता है, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि यह डीजल का सौदा है और इसका उद्देश्य अमेरिका के लिए आपूर्ति करना नहीं, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध कराना है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760371 Articles

Share this story