अमेरिका ने ईरान के हथियार खरीद नेटवर्क पर लगाए नए प्रतिबंध, रूस और नाइजीरिया से जुड़े लोग भी निशाने पर

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 15 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान के कथित हथियार खरीद नेटवर्क को बाधित करने के उद्देश्य से कई व्यक्तियों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध (सैंक्शन) लगाए हैं। अमेरिकी वित्त मंत्रालय (ट्रेजरी विभाग) ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ये प्रतिबंध ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को निशाना बनाते हैं, जो ईरान को हथियारों की खरीद और आपूर्ति में मदद कर रहे थे।

प्रतिबंधों की सूची में ईरान और रूस के नागरिकों के अलावा ईरान, रूस और नाइजीरिया में स्थित कई संस्थाएं भी शामिल हैं। अमेरिकी सरकार का आरोप है कि यह नेटवर्क ईरान की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न देशों में फैली कंपनियों और वित्तीय माध्यमों का इस्तेमाल कर रहा था।

ट्रेजरी विभाग के अनुसार, प्रतिबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की भूमिका छिपाने के लिए विदेशी विमानन और परिवहन कंपनियों, वित्तीय चैनलों तथा यात्रा समन्वयकों का उपयोग किया। इन माध्यमों से हथियारों से संबंधित सामग्री और कर्मियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवाजाही कराई जाती थी।

ये प्रतिबंध ऐसे समय लगाए गए हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच टकराव के बाद। ट्रम्प प्रशासन ईरान पर आर्थिक और कूटनीतिक दबाव बढ़ाने की रणनीति के तहत लगातार नए प्रतिबंध लागू कर रहा है।

इससे पहले, मई में अमेरिका ने चीन और हांगकांग की कई कंपनियों तथा व्यक्तियों पर ईरान के हथियार कार्यक्रम में सहयोग देने के आरोप में प्रतिबंध लगाए थे। वहीं जून में भी अमेरिका ने 11 व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रतिबंधित किया था, जिन पर आईआरजीसी और ईरानी सेना के लिए हथियार खरीद में मदद करने का आरोप लगाया गया था।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story