अमेरिका रूस के साथ करेगा डील, यूराेप में आएगी शांति
वाशिंगटन, 12 जून (हि.स./रिया नाेवाेस्ती)। रूस ने उम्मीद जताई है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डाेनाल्ड ट्रम्प की ओर से यूक्रेन युद्ध काे समाप्त करने एवं रूस अमेरिका संबंधाें काे सामान्य बनाने काे लेकर काेई प्रस्ताव आ सकता है। रूस ने कहा कि ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर रूसी नेतृत्व सकारात्मक ढंग से विचार करेगा।
अमेरिका में रूस के राजदूत अलेक्जेंडर डार्चिएव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मौजूदा प्रशासन के तहत रूस-अमेरिका संबंधों में सुधार हुआ है और एक नया मौका मिला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा अमेरिकी प्रशासन के तहत रूस और अमेरिका के बीच संबंध थोड़े बेहतर हुए हैं।
डार्चिएव ने पत्रकारों के सवालाें के जवाब में कहा कि रूसी सरकार अमेरिकी पक्ष से एक प्रस्ताव का इंतज़ार कर रहा है जाे संबंधाें काे सामान्य बनाने एवं यूराेप में शांति लाने में अहम हाेगा। उन्हाेंने कहा कि रूस की सरकार इस प्रस्ताव पर जल्द ही सकारात्मक ढंग से विचार करेगी। डार्चिएव ने पत्रकारों से कहा, हम अमेरिकी पक्ष के फ़ैसले का इंतज़ार कर रहे हैं। किसी भी विकल्प पर तुरंत विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रूस को उम्मीद है कि देर-सवेर कोई अमेरिकी राजनयिक अवश्य ही मॉस्को जाएगा। उन्हाेंने कहा, लेकिन यह अमेरिकी पक्ष की ही पहल हाेगी।
रिया नोवोस्ती के एक सवाल के जवाब में राजदूत ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के बचे हुए समय में रूस-अमेरिका संबंधों में कोई बड़ी कामयाबी मिल सकती है। डार्चिएव ने कहा, यह समय कुछ बड़ा करने के लिए एकदम उपयुक्त है। इसके लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की ज़रूरत है। मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ऐसे व्यक्ति और राजनेता हैं जो चौंकाना जानते हैं और वे बड़ी कामयाबी हासिल करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

