अमेरिका ने यूक्रेन के साथ फिर शुरू किया खुफिया सहयोग : जेलेंस्की

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 18 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका ने रूस के मिसाइल हमलों से बचाव में यूक्रेन की मदद के लिए उसके साथ महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी साझा करना दोबारा शुरू कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि कुछ समय के लिए बाधित हुआ सहयोग अब बहाल हो गया है।

अमेरिकी समाचार चैनल 'एनबीसी' के कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में दिए गए साक्षात्कार में जेलेंस्की ने कहा कि खुफिया जानकारी साझा करने की प्रक्रिया पहले रुक गई थी, लेकिन बाद में इसे फिर शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा, “हम इसके लिए बेहद आभारी हैं। अब यह काम कर रहा है।”

यूक्रेन रूसी हमलों से बचाव के लिए अमेरिकी खुफिया सूचनाओं पर निर्भर रहा है। इन सूचनाओं की मदद से यूक्रेनी सेना रूस की ओर से दागी जाने वाली तेज गति वाली बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाने और संभावित हमलों के प्रति समय रहते सतर्क होने का प्रयास करती है।

हाल के दिनों में यूक्रेनी अधिकारियों ने चिंता जताई थी कि कुछ रूसी हमलों से पहले उन्हें पर्याप्त चेतावनी नहीं मिली। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसी सप्ताह कहा था कि वाशिंगटन यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करना जारी रखे हुए है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763238 Articles

Share this story