अमेरिकी राज्य इडाहो के रेस्टोरेंट में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, शूटर भी ढेर

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिकी राज्य इडाहो के रेस्टोरेंट में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, शूटर भी ढेर


वाशिंगटन, 02 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के पर्वतीय राज्य इडाहो के ट्विन फॉल्स शहर के मशहूर इन-एन-आउट बर्गर नामक रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कथित बंदूकधारी भी भागते समय मारा गया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इस रेस्टोरेंट ग्रैंड ओपनिंग एक हफ्ते पहले धूमधाम से की गई थी।

समाचार चैनल सीबीएस न्यूज के स्थानीय प्रसारण केंद्र केएमवीटी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्विन फॉल्स शहर के जन संपर्क अधिकारी जोश पामर ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने पुष्टि की कि गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि शूटर भागते समय मारा गया है। वह पुलिस की गोली से मारा गया या उसने खुद को गोली मार ली, यह अभी साफ नहीं हो सका है।

केएमवीटी के अनुसार, सोशल मीडिया में साझा किए गए वीडियो में बदहवाश लोग रेस्टोरेंट से निकलकर ब्लू लेक्स और ब्रिजव्यू चौराहे की ओर भागते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में एक व्यक्ति बंदूक पकड़े हुए ड्राइव-थ्रू में एक कार के पास आता दिख रहा है। इस वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले एलेक्सिस एगुइलर ने कहा कि वह और उसके कुछ दोस्त बर्गर खाने के लिए इस रेस्टोरेंट पर जा रहे थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोग रेस्टोरेंट से जान बचाकर भागते नजर आए।

पुलिस का कहना है कि इडाहो राज्य की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। इस राज्य की सीमाएं मोंटाना, व्योमिंग, नेवादा, यूटा, ओरेगन, वाशिंगटन और कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से मिलती हैं। ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने कहा कि लोग घबराएं नहीं। अब कोई खतरा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि शूटर ने हत्याकांड के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story